Publish Date:Ths, 05/March2020
-
तेज हवाअों के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने बढ़ाई ठंड
-
अनगड़ा क्षेत्र में ओलावृष्टि से तरबूज की फसल को पहुंचा नुकसान
R24News : रांची/ मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने इन दो दिनों में राज्य के कुछ जगहों पर गर्जन, वज्रपात के साथ ही ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग सहित अन्य जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि 8 मार्च से राज्य भर में मौसम साफ रह सकता है।
सात मार्च तक बारिश और वज्रपात की संभावना
होली पर भी राजधानी सहित पूरे राज्य में मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और उच्चतम 26 से 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार एक मार्च से प्री-मानसून शुरू होता है। इस प्री-मानसून में गर्जन, वज्रपात और बारिश काल बैसाखी के कारण होता है। इसका असर बंगाल, बिहार, झारखंड सहित अन्य राज्यों में देखा जा सकता है। ईरान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण चक्रवाती परिसंचरण उत्पन्न हो रहा है। इसका असर झारखंड राज्य में दिख रहा है। इसका असर राज्य में 7 मार्च तक रहेगा।
कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई
रांची में बुधवार को लगभग सभी जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। दोपहर तक कड़ी धूप के बाद शहर व आसपास सभी इलाकों में काले बादल छाए रहे। जिसके बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को शहर में 0.4 मिमी. बारिश हुई। पूरे राज्य में लगभग 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। पिछले तीन दिनों से मौसम में परिवर्तन दिखा है। इससे ठंड फिर से बढ़ गई है।
किसानों की फसल का नुकसान
सिकिदरी में बुधवार को आए आंधी व बारिश के साथ ओलावृष्टि से तरबूज की फसल को नुकसान पहुंचा है। दुबला बेड़ा के प्रगतिशील किसान श्यामसुंदर बेदिया की करीब 5 एकड़ में लगी तरबूज की फसल बर्बाद हो गई। ओले की मार से पौधे टूट गए। हुंडरू, जोन्हा, नवागढ़, हरातू, हेसातु इलाके में भी फसल नष्ट हुई है।


