Publish Date:Sat, 14/March2020
R24News : इराक की राजधानी बगदाद के पास एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने को रॉकेट से फिर निशाना बनाया गया। इसमें किसी के हताहत होने की अभी खबर नहीं है। चार दिन पहले भी उत्तरी बगदाद स्थित ताजी एयरबेस पर रॉकेट दागे गए थे। इसमें दो अमेरिकी और एक ब्रिटिश सैनिक की मौत हुई थी और 12 अन्य घायल हो गए थे। इस अड्डे में अमेरिका और गठबंधन सेना के सैनिकों ने अपना ठिकाना बना रखा है। इन हमलों के पीछे ईरान समर्थित विद्रोहियों का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है।
इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ताजी एयरबेस पर एक दर्जन से ज्यादा रॉकेट दागे गए। इनमें से कुछ परिसर में आवासीय क्षेत्र पर गिरे। जबकि कुछ रॉकेट इराकी बलों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे एक रनवे पर आकर गिरे। इस सैन्य अड्डे पर गत बुधवार को 18 रॉकेट दागे गए थे। इस हमले के जवाब में अमेरिका ने इराक में ईरान समर्थित शिया विद्रोहियों के खिलाफ हवाई हमले किए थे। अमेरिकी अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया था कि इराक में अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने पांच स्थानों और मुख्य रूप से कताइब हिजबुल्ला के हथियार भंडारण ठिकानों को निशाना बनाया। ज्यादातर हमले बगदाद के आसपास के इलाकों में किए गए थे।


