R24News : ईसीएल मुगमा एरिया की बरमुड़ी परियोजना में शनिवार रात साढ़े नौ बजे 50-60 डीजल चोरों ने धावा बोला। डीजल चोरी करने से रोकने पर ईसीएल के सुरक्षाकर्मियों और चोरों में टकराव हो गया। दोनों ओर से 11 चक्र फायरिंग की गई। इस दौरान डीजल चोरों ने जमकर पथराव भी किया। इसमें ईसीएल के गश्ती दल के वाहन का शीशा टूट गया और इसके चालक प्रदीप तुरी घायल हो गए। डीजल चोर फावड़ा, भुजाली, रॉड व डंडे के साथ बरमुड़ी परियोजना में घुसे थे। ईसीएल के सुरक्षाकर्मियों व होमगार्ड जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे सुरक्षा टीम पर पथराव करने लगे। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए छुपकर फायरिंग करने लगे। चोरों ने 7-8 राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गश्ती टीम में शामिल होमगार्ड जवान अब्दुल जब्बार अंसारी ने तीन राउंड फायर किए। बज डीजल चोर भाग गए तब गश्ती दल सीआइएसएफ व पुलिस को सूचना दी।
सक्रिय है गिरोह
बरमुड़ी परियोजना में डीजल चोरों का एक गिरोह सक्रिय है। बीते कुछ दिनों से यह गिरोह यहां डीजल चोरी कर रहा है। 18 जून को ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
भय का माहौल
बरमुड़ी परियोजना में डीजल चोरों के आतंक से ईसीएल के सुरक्षाकर्मियों में भय का माहौल है। मैथन ओपी में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि डीजल चोरों का मनोबल बढ़ गया है। अब तो वे ईसीएल की सुरक्षा टीम पर हमला करने लगे हैं। इस स्थिति में किसी भी दिन जान-माल का नुकसान हो सकता है।
बरमुड़ी परियोजना में शनिवार की रात ईसीएल की गश्ती टीम पर पत्थरबाजी की शिकायत आई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की। अभी जांच चल रही है।