Publish Date:Tue, 09/June 2020
R24News : ओडिशा के ढेंकनाल में एक प्रशिक्षण विमान सेसना 152 वीटी ईएनएफ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में धनबाद के पॉलीटेक्निक रोड निवासी प्रशिक्षक पायलट संजीव कुमार झा और तमिलनाडु की महिला प्रशिक्षु अनीश फातिमा की मौत हो गई। यह विमान सरकारी एविएशन ट्रेनिंग संस्था गति फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का था और इसका इस्तेमाल ट्रेनिंग देने के लिए होता था।
सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे फातिमा को प्रशिक्षण देने के लिए संजीव ने दो सीट वाले प्रशिक्षण विमान से उड़ान भरी थी। टेकऑफ करने के बाद अचानक विमान में खराबी आ गई और करीब 100 फुट की ऊंचाई से वह एयरस्टिप की पार्किंग में खड़े दो विमानों के बीच गिर पड़ा। इससे फातिमा और संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को कामाख्या नगर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पायलट ट्रेनर थे संजीव
संजीव जमशेदपुर के अलकेमिस्ट एविएशन में बतौर ट्रेनर काम करते थे। कुछ साल पहले वह ओडिशा में सरकारी पायलट ट्रेनिंग स्कूल में बतौर ट्रेनर बहाल हो गए थे। वह बिहार के बांका जिले के मूल निवासी थे। उनका ससुराल जमशेदपुर में है।
पॉलीटेक्निक रोड में मातम
संजीव की मौत की खबर मिलते ही धनबाद समेत उनके पैतृक गांव बांका जिले के राजपुर गांव और ससुराल जमशेदपुर में मातम पसर गया। संजीव के परिजन धनबाद में पॉलीटेक्निक रोड में रहते हैं। उनकी पत्नी ऋतु झा जमशेदपुर में अधिवक्ता हैं। बड़ा बेटा शौर्य कुमार ऑस्ट्रेलिया में पायलट का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। छोटा बेटा अमन कुमार झा 12वीं का छात्र है। संजीव के पिता सदानंद झा धनबाद में कोयला कारोबारी हैं। संजीव का अंतिम संस्कार जमशेदपुर में किया जाएगा।
19 वर्षों से प्रशिक्षण दे रहे थे संजीव
संजीव के पिता ने बताया कि संजीव करीब 19 वर्षो से प्रशिक्षक पायलट के पद पर कार्यरत थे। पॉलीटेक्निक रोड में सदानंद झा के छोटे भाई आशुतोष झा अपने परिवार के साथ रहते हैं। पारिवारिक मित्र निशांत झा सोनी ने बताया कि संजीव इलाके में मंटू के नाम से जाने जाते थे। वह बहुत ही शांत और नेक इंसान थे। उसकी मौत की खबर सुनकर पूरा इलाका शोकाकुल है।


