Publish Date:Sat, 13/June 2020
R24News : कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में झारखंड में धनबाद पांचवें पायदान पर है। यहां अब तक 113 पॉजिटिव केस मिले हैं। राहत की बात यह है कि पिछले चार दिनों से धनबाद में कोरोना की चेन थम सी गई है। एक भी नया केस नहीं मिला है। दूसरी तरफ 95 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब सिर्फ 14 एक्टिव केस हैं। झारखंड में 24 जिले हैं। अब तक सबसे ज्यादा सिमदेगा जिले में कोरोना मरीज मिले हैं। यहां 229 कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। 225 मरीज के साथ पूर्वी सिंहभूम जिला दूसरे नंबर है। राजधानी रांची 161 के साथ तीसरे और हजारीबाग 132 केस के साथ चाैथे नंबर पर है।
.jpg)
1607 कोरोना केस में 1354 प्रवासी
झारखंड में कोरोना संक्रमण की संख्या बढ़ाने में प्रवासियों की भागीदारी ज्यादा है। यहां 12 जून, 2020 तक कुल 1607 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। इनमें 1354 प्रवासी हैं। धनबाद में जो 113 कोरोना केस हैं उनमें 106 प्रवासी हैं।
कोरोना से जंग जीत 29 योद्धा अस्पताल से लाैटे घर
शुक्रवार को कोविड-19 अस्पताल से कोरोना को हराकर 29 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए। इनमें तीन महिलाएं, 25 पुरुष एवं एक बच्चा भी शामिल है। इस तरह धनबाद में कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या अब बढ़कर 95 हो गई है। जबकि अभी 14 एक्टिव केस बचे हैं। इनका इलाज चल रहा है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सिविल सर्जन डॉ. गोपाल दास ने मरीजों को होम क्वारंटाइन के संबंध में परामर्श दिया। साथ ही उनको उपहार स्वरूप च्यवनप्राश, हॉर्लिक्स और विटामिन की दवाइयां दी। डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने उनको शारीरिक दूरी का पालन करने, नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करने एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी।
विदाई के वक्त भावुक हो गए सभी स्वस्थ व्यक्ति
उपायुक्त अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 29 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई। इलाज के क्रम में सभी को दवाइयों के साथ समय पर पौष्टिक नाश्ता, दोपहर एवं रात का ताजा एवं पौष्टिक आहार दिया गया। डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका बेहतरीन इलाज किया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर सभी भावुक हो गए। इनमें सदर अस्पताल का सफाईकर्मी भी शामिल है। उसने कहा कि प्रत्येक दिन घर की याद आती थी। परिवार और चिकित्सकों के सहयोग से इस रोग को मात देने में कामयाबी मिली।


