Publish Date:Tue, 17/March2020
R24News : पूरी दुनिया को दहशत में डालने वाला कोरोना वायरस (Coronavirus) सबसे पहले चीन में ही सामने आया। यह वायरस चीन से ही भारत समेत पूरी दुनिया में पहुंच चुका है। इसके संक्रमण से बचाव के लिए तरह-तरह के उपाय किए जा रहे हैं। मुंह में मास्क लगाए जा रहे हैं। मास्क की बढ़ती मांग को देखते हुए इसे बनाने वालों के सामने एक बड़ा माैका है। वे बाजार की मांग को पूरी करने के लिए पिल पड़े हैं। इस मामले में चीन पीछे नहीं है। चीनी निर्माता मास्क को बनाकर भारतीय बाजार में ठेल रहे हैं। यह मास्क भारतीय मास्क से बाजार में सस्ता पड़ रहा है। इससे भारतीय निर्माता परेशान हैं।
कोरोना वायरस को लेकर आम और खास हर कोई गंभीर है। परिणाम यह है कि धनबाद के बाजारों में अचानक मास्क की मांग में तेजी आ गई। नतीजा यह है कि अब इसकी कमी होने लगी है। ऐसे में चीन निर्मित मास्क बाजारों में खूब बिक रहे हैं। सामान्य ताैर पर इस मास्क की कीमत 50 रुपये से शुरू होती है। वहीं भारतीय मास्क की कीमत लोकल मार्केट में 70 रुपये के आसपास है।
धनबाद में कोरोना वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। सरकार, प्रशासन और आम लोगों के स्तर पर इसे लेकर सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में लोगों में मास्क और सेनिटाइजर का प्रचलन बढ गया है। मेडिकल स्टोर के अलावा आम दुकानों पर भी मास्क व सेनिटाइजर की बिक्री हो रही है। मेडिकल स्टोर पर मास्क की किल्लत है। सर्जरी मास्क तो दस रुपये में उपलब्ध हैं, लेकिन दो अथवा तीन लेयर वाले मास्क की कमी है। जो मास्क मिल रहे हैं उसमें से अधिकांश चीन निर्मित हैं।


