Publish Date:Sat, 28/March2020
-
धनबाद, जमशेदपुर, रांची, पलामू, लातेहार, लोहरदगा में पुलिस लगातार लाउडस्पीकर से कर रही जागरूक
-
अन्य राज्यों में फंसे लोगों के लिए सरकार ने जारी की लिंक, इसमें सूचना देकर ले सकते हैं मदद
R24News : 21 दिनों के लॉकडाउन के चौथे दिन शनिवार को राज्य के अलग-अलग जिलों के सब्जी मार्केट व सड़कों पर मिलाजुला असर देखने को मिला। लोगों में अभी भी कोरोना को लेकर सतर्कता की कमी दिख रही है, किसी भी तरह का एतिहात कुछ कम लोग ही बरत रहे हैं। बाजार में 10 में से चार व्यक्ति ही मास्क का उपयोग कर रहा है और सोशल डिस्टेंसिंग को समझ रहा है। बाजारों में रोजाना की तरह भीड़ उमड़ रही है। अन्य दिनों के मुकाबले फर्क ये है कि बाजार दिन भर खुले रहते थे लेकिन अब सीमित समय के लिख दुकानें और मंडियां खुल रही है।

प्रशासन ने कई जगहों पर खोली है दुकान, होम डिलीवरी की भी सुविधा
जमशेदपुर, रांची, धनबाद सहित कई जिलों में प्रशासन ने उचित दर पर खाद्य पदार्थों की उपलब्धता कराई है। इसके अलावा निश्चित समय के लिए दुकानें और सब्जी मंडियां भी खुल रही है। लेकिन जागरूकता के अभाव में लोग आपाधापी में बाजार पहुंच जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से कई दुकानों, मॉल और प्रतिष्ठानों से मिलकर खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी की भी कराई जा रही है। प्रतिष्ठानों के नंबर भी उपलब्ध भी कराए गए हैं, लेकिन लोग फिर भी घरों से निकल रहे हैं।

जमशेदपुर: पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
लॉकडाउन के चौथे दिन शनिवार को जमशेदपुर के मानगो में जमशेदपुर से सिटी एसपी ने लोगों से घरों से न निकलने की अपील की और फ्लैग मार्च भी निकाला। इस दौरान मानगो-डिमना सड़क किनारे की सब्जी दुकानों को मानगो के गांधी मैदान में शिफ्ट कराया गया। सिटी एसपी ने खुद मोर्चा संभालते हुए सड़क किनारे से दुकानें हटवाई। साथ ही उन्होंने दुकानदारों से सोशल डिस्टेंसिंग का उपयोग करने को कहा।

बाहर फंसे लोगों की मदद के लिए लिंक
झारखंड सरकार ने राज्य के बाहर फंसे लोगों की मदद के लिए एक लिंक जारी किया है। इस लिंक bit.ly/jharcovid को खोलने पर दिए गए फॉर्मैट में झारखंड के बाहर फंसे व्यक्ति को अपनी जानकारी देनी है। फिर राज्य सरकार उस राज्य के प्रशासन से संपर्क स्थापित कर उसे मदद दिलाएगी।


