Publish Date:Wed, 6/May 2020
R24News : धनबाद। कोरोना संकट और लॉकडाउन के कारण झारखंड राज्य चुनाव आयोग ने धनबाद नगर निगम समेत आठ नगर-निकायों में होनेवाला चुनाव स्थगित कर दिया है। आयोग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या झारखंड सरकार वर्तमान नगर-निकायों के बोर्ड को एक्शटेंशन देगी ? क्योंकि चुनाव न होने की स्थिति में छह महीने का एक्शटेंशन देने का प्रावधान है। हालांकि यह सब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार पर निर्भर करता है।
राज्य चुनाव आयोग की तरफ से मंगलवार को चुनाव स्थगित करने संबंधी जारी आदेश में कहा गया है कि कोरोना की परिस्थिति सामान्य होने के बाद राज्य सरकार के परामर्श से नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। यह चुनाव मई-जून माह में होना था। इससे पहले आयोग ने चार मई को गृह विभाग एवं नगर विकास विभाग के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी, जिसमें चुनाव स्थगित करने का निर्णय लिया गया। बता दें कि आठ नगरपालिकाओं का कार्यकाल जून माह में समाप्त हो रहा है।
राज्य चुनाव आयोग ने जिन 8 नगर निकायों में चुनाव स्थगति करने की घोषणा की है उनमें तीन नगर निगम हैं-धनबाद नगर निगम, चास नगर निगम और देवघर नगर निगम। धनबाद नगर निगम झारखंड का सबसे बड़ा नगर निकाय है। इसके तहत करीब 15 लाख आबादी है। वर्तमान में चंद्रशेखर अग्रवाल मेयर और एकलव्य सिंह डिप्टी मेयर हैं। इनके अलावा धनबाद नगर निगम में 55 वार्ड पार्षद हैं।


