Publish Date:Tue, 24/March2020
-
हरमू हाउसिंग कॉलोनी की खबर, जिसमें होम क्वारंटाइन को पॉजिटिव बताया गया है, डीसी ने कहा वो गलत है
R24News : रांची/ कोरोनावायरस को लेकर अगर किसी ने अफवाह फैलाई तो जिला प्रशासन कार्रवाई करेगी। इसके लिए साइबर पुलिस की एक टीम तैनात कर दी गई है। यह टीम ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रही है। दरअसल, रांची के कुछ घरों में जिनकी ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी सामने आई थी, उन्हें घरों में ही सेल्फ क्वारंटाइन किया गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सोशल मीडिया द्वारा इन घरों को कोरोना पॉजिटिव बता कर खबर चलाई थी जो कि सही नहीं है।
इसके अलावा कई अफवाहें भी सोशल मीडिया पर चल रही है। इसको देखते हुए डीसी राय महिमापत रे के सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इस संबंध में जानकारी दी गई कि रांची में अभी तक कोई भी मामला पॉजिटिव नहीं पाई गई है। ऐसे किसी भी तरह की अफवाह या गलत खबर फैलाने पर शख़्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कहा कि इस महामारी से बचाव के लिए रांची के लोगों को साथ आना होगा। उन्हें दी जा रही एडवाइजरी का पालन करने से ही सभी का बचाव संभव है। हम इस महामारी से जनता की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मीडिया के लोगों से विशेष अनुरोध है कि किसी भी तरह की अफवाह अगर कहीं से फैल रही हो तो इसकी जानकारी जल्द से जल्द जिला प्रशासन को दें।
एयरपोर्ट पर जांच टीम तैनात
इधर, रांची एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर बनाए रखने के लिए एक सीनियर पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। आने जाने वाले हर एक व्यक्ति की थर्मल स्कैनर के जरिए जांच की जा रही है। साथ ही हर एक यात्री से फॉर्म भरवाया जा रहा है। सभी यात्रियों से यात्रा के बाद खुद को सेल्फ क्वारंटाइन में रखने की सलाह दी जा रही है।


