Publish Date:Tue, 17/March2020
R24News : बोकारो जिला भाजपा का अंतर्कलह खुलकर सामने आ गया। आलम यह है कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बीच सड़क पर भी फाइटिंग शो करने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्हें जरा भी इस बात की चिंता नहीं है कि अनुशासित कही जाने वाली पार्टी के बाबत लोक क्या करेंगे? वे बीच सड़क पर अपने सांसद पीएन सिंह और विधायक विरंची नारायण के खिलाफ नारेबाजी और गाली-गलाैज कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन के दौरान ही हरला मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने सोमवार को खुलेआम बोकारो बिरसा चौक पर खड़े होकर धनबाद के सांसद पीएन सिंह और बोकारो के विधायक विरंची नारायण के खिलाफ मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। धनबाद संसदीय क्षेत्र के तहत ही बोकारो भी आता है।
सांसद और विधायक के खिलाफ नारेबाजी को भी जब भाजपा नेताओं ने अनसुना कर दिया तो वह गाली-गलौज पर उतर गया। पुतला दहन के बाद भड़के पार्टी नेताओं ने उसपर हमला बोल दिया। जवाब में उसने भी घुसेबाजी की। दोनों तरफ से हाथ और लात चले। इस लड़ाई में शैलेंद्र कमजोर पड़ गया। उसकी जमकर पिटाई हुई। पूरी घटना कैमरे में कैद होती देख भाजपाई मौके से हट गए हैं।
सांसद प्रतिनिधि विद्या सागर सिंह का कहना है कि विधानसभा चुनाव में शैलेंद्र कुमार की गतिविधि पार्टी विरोधी थी। उसे पार्टी से निकाल दिया गया था। वह कांग्रेस नेताओं के बहकावे में आकर ऐसा कर रहा था।