Publish Date:Sat, 13/June 2020
R24News : धनबाद। कोरोना संकट के कारण धनबाद नगर निगम चुनाव-2020 स्थगित हो चुका है। वर्तमान में जो नगर निगम का बोर्ड है उसका कार्यकाल 17 जून को समाप्त हो रहा है। इसके बाद नगर निगम में प्रशासक बहाल किए जाएंगे। अगला चुनाव होने तक प्रशासक ही नगर निगम का संचालन करेंगे। इससे पूर्व नगर आयुक्त चंद्रमोहन कश्यप धीरे-धीरे प्रशासक की हैसियत में आने लगे हैं। उन्होंने मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह और सभी 55 वार्ड पार्षदों को पत्र लिखकर निगम से प्राप्त सभी सामग्री (वाहन, टैबलेट वगैरह-वगैरह) वापस करने का निर्देश दिया है। सामग्री वापस करने के बाद नगर निगम की तरफ से सभी को अनापत्ति प्रमाण पत्र निगर्त किया जाएगा। यह अनापत्ति प्रमाण पत्र होने की स्थिति में ही वर्तमान मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षद अगला चुनाव लड़ सकेंगे।
नगर निगम के नगर आयुक्त ने शुक्रवार को सभी शाखा के प्रभारियों को सामान वापस लेने से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किया। इस बाबत सभी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों को भी पत्र जारी किया गया है। मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों को दिए गए सामग्री को वापस लेकर एनओसी देने का निर्देश दिया गया है। वाहन की सुविधा सिर्फ मेयर और डिप्टी मेयर को मिली हुई है। उन्हें वाहन लाैटना होगा। पार्षदों को वाहन की सुविधाय नहीं मिली है। सभी पार्षदों को एक-एक टैबलेट दिया गया था। अब पार्षदों को अपना-अपना टैबलेट लाैटना होगा। इस बाबत पूछने पर मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि यह एक प्रक्रिया है। निगम की तरफ से प्राप्त वाहन और अन्य सुविधा वापस कर दी जाएगी।


