Publish Date:Mon, 18/May 2020
R24News : यूपी के औरैया में सड़क हादसे में मारे गए बोकारो के 11 प्रवासियों के शवों को लाया जा रहा है। सोमवार दोपहर तक बोकारो पहुंच जाने के आसार हैं। इसके बाद बोकारो के चास प्रखंड स्थित दुर्घटना के शिकार प्रवासियों के गांवों में शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके लिए बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारी की है।
यूपी सरकार की तरफ से शवों को बोकारो भेजा गया। सोमवार करीब 8.30 बजे बिहार-झारखंड की सीमा पर बोकारो जिला प्रशासन ने यूपी पुलिस से शवों को प्राप्त किया। इसके बाद एंबुलेंस से बोकारो लाया जा रहा है। मालूम हो कि यूपी के औरैया में 15 मई की रात ट्रक और ट्राला टक्कर में 26 मजदूरों की माैत हो गई थी। इनमें बोकारो के 11 प्रवासी मजदूर शामिल थे। औरेया सड़क हादसे में मारे गए मजदूरों के शवों को लाने को लेकर रविवार को दिनभर चले ट्विटर वार के बीच उप्र शासन ने दोपहर बाद नवाबगंज, इलाहाबाद में वाहन उपलब्ध कराए। इससे 11 शव व दो घायलों को लेकर उप्र के हेड कांस्टेबल आशाराम व श्याम सिंह शाम सात बजे इलाहाबाद से झारखंड के लिए रवाना हुए।
सीएम के ट्वीट के बाद बोकारो से 12 एंबुलेंस झारखंड बॉर्डर भेजे गए। उपायुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में एंबुलेंस को भेजा गया है। साथ में एक मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को भी भेजा गया है ताकि शवों को ससम्मान लाया जा सके। औरैया सड़क हादसे में शामिल बोकारो के प्रवासी मजदूरों के शवों को बोकारो जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश पुलिस से प्राप्त कर लिया है l