रांची, जेएनएन। Lalu Prasad Yadav चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव रांची की सीबीआइ अदालत पहुंचे हैं। यहां वे अब से कुछ देर बाद डोरंडा कोषागर मामले में कोर्ट में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराएंगे। कोर्ट कैंपस में भारी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। लालू के सहयोगी भोला यादव भी उनके साथ हैं। चारा घोटाले के पांचवें मामले डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी की मामले में गुरुवार को लालू अपना बयान दर्ज करा रहे हैं।
इससे पहले बिरसा मुंडा जेल प्रशासन ने रांची के रिम्स से लालू को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया। इस मामले की पिछली सुनवाई के दौरान सीबीआइ के विशेष जज एसके शशि ने रांची के डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी के मामले में 16 जनवरी (गुरुवार) को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद प्रमुख लालू प्रसाद का बयान रांची स्थित सीबीआइ अदालत में दर्ज कराने का आदेश बिरसा मुंडा जेल प्रशासन को दिया था।