Publish Date:Sat, 14/March2020
-
शुक्रवार काे भी कई जिलों में ठंडी हवा चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई थी
-
रविवार को भी भारी बारिश के साथ कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की संभावना है
R24News : रांची/ राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को एक बार फिर मौसम परिवर्तन ने लोगों को परेशान कर दिया। सुबह से जारी बारिश और तेज हवा से ठंड में बढ़ गई है। कुछ ही देर की बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की भी समस्या उत्पन्न हो गई। इधर, मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
रांची, रामगढ़, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और बोकारो में अच्छी-खासी बारिश दर्ज की गई। वहीं, कई क्षेत्र में तेज हवा भी चली। रांची में शुक्रवार को सुबह से ही मौसम खराब रहा। ठंडी हवा के चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद दोपहर तक मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शहर में कुल .3 एमएम बारिश हुई।
15 मार्च तक हल्की बारिश की संभावना
रांची सहित अन्य जिलों में लगभग 15 मार्च तक हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ ही लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। 16 मार्च से रांची सहित राज्य में मौसम साफ होने की संभावना है। कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं, पर बारिश नहीं होगी।


