Publish Date:Tue, 16/June 2020
R24News : ‘मैं धनबाद नगर निगम में काम करती थी। वर्ष 2017 में मेरी दोस्ती कतरास की महिला नेत्री के साथ हो गई। उसके यहां आना-जाना होता था। रांची भी आना-जाना लगा रहता था। एक दिन उसके घर में रुक गई। सब लोग ऊपर सोए हुए थे। मैं नीचे कमरे में अकेली थी। रात में आंख खुली तो देखा कि महिला नेत्री का पति राजीव मेरे साथ दुष्कर्म कर रहा है। जब चिल्लाने लगी तो मेरा मुंह दबा दिया गया और दुष्कर्म किया गया। उसकी पत्नी (पूर्व भाजपा नेत्री) ने उसका एक वीडियो बना लिया था और ब्लैकमेल करती रहती थी।’ यह सनसनीखेज आरोप बाघमारा के विधायक ढुलू महतो पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता और उसके पति राजीव पर लगा है। पीड़ित महिला ने धनबाद अदलात में 164 के तहत अपना बयान कलमबद्ध कराया है।
पुलिस के आवेदन पर अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी शिखा अग्रवाल की अदालत ने प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी रितु कुजूर की अदालत को पीड़िता का बयान धारा 164 के तहत दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद सोमवार (15 जून, 2020) को कोर्ट बयान दर्ज हुआ। अपने बयान में पीड़िता ने प्राथमिकी का पूर्ण रूप से समर्थन किया। बाघमारा विधायक ढुलू महतो के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला नेत्री व उसके पति के खिलाफ दुराचार पीड़िता युवती का यह बयान प्राथमिकी दर्ज होने के तीन माह बाद पुलिस ने अदालत में कराया।
आत्मदाह की दी थी धमकी
पुलिस द्वारा आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई न किए जाने के कारण पीड़िता ने मुख्यमंत्री को पत्र देकर आत्मदाह की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। 4 मार्च 2020 को पीड़िता की शिकायत पर कतरास की महिला नेत्री व उसके पति के विरुद्ध कतरास थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
2017 में किया था दुष्कर्म
प्राथमिकी में पीड़िता ने आरोप लगाया कि महिला नेत्री से उसका परिचय वर्ष 2017 से है। मैं अक्सर उनके घर आती-जाती रहती थी। कई बार रात में उसके घर में ही रुक जाती थी। इस दौरान आरोपित ने अपनी पत्नी के सहयोग से नहाते हुए उसका वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पत्नी के केस में गवाह बनाया। साथ ही लगातार यौन शोषण करता रहा।
विधायक ढुलू की साजिश
विधायक ढुलू महतो के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराने वाली महिला ने अपने और अपने पति के उपर लगाए जा रहे आरोप को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि यह विधायक ढुलू की साजिश है। वह समझौता करने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। हमारे गवाहों को पैसे का लालच देकर अपने साथ मिला रहे हैं। समझौते के लिए मजबूर करने की साजिश के तहत विधायक ने मेरे और मेरे पति के उपर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया है। बाघमारा की जनता जानती है कि विधायक का जो भी विरोध करता है उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज हो जाता है।