Publish Date:Tue, 24/March2020
-
चुनाव आयोग ने 26 मार्च को राज्यसभा की 55 सीटों के लिए होने वाला चुनाव रद्द किया, 31 मार्च के बाद अगले तारीख पर फैसला होगा
-
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 594 जिलों में पूरी तरह लॉकडाउन की घोषणा
-
आंध्र प्रदेश में विदेशों से लौटने के बाद ट्रैवल हिस्ट्री छिपाने वाले लोगों की पहचान होगी, मेडिकल टीमें घर-घर जाकर जांच करेंगी
R24News : देश में कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या 528 हो गई, जबकि 10 लोगों की मौत हो चुकी हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 101 मामलों की पुष्टि हुई। दूसरे नंबर पर केरल (95) है। वहीं, मंगलवार को मणिपुर में संक्रमण का पहला मामला सामने आया। 23 साल की संक्रमित लड़की हाल ही में ब्रिटेन से लौटी थी। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 560 जिलों में पूरी तरह लॉकडाउन किया गया है। इस बीच चुनाव आयोग ने 26 मार्च को राज्यसभा की 55 सीटों के लिए होने वाला चुनाव रद्द कर दिया। केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों से स्वास्थ्य सुविधाओं को बढाने का आदेश दिया है। राज्य सरकारों से कहा गया है कि वे अस्पतालों, क्लिनिकल लैब, आइसोलेशन वार्ड की स्थापना के लिए राजकीय कोष संसाधनों का इस्तमाल करें। उधर पूरे हिमाचल प्रदेश में कर्फ्यू लगा दिया गया।
6 राज्यों में कर्फ्यू लगाया गया है। देशभर में लॉकडाउन और कर्फ्यू लागू करवाने के लिए पुलिस सड़कों पर है। पुलिस बैरिकेडिंग कर सिर्फ जरूरी कामों के लिए लोगों को आने जाने की इजाजत दे रही है। दिल्ली में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 1012 लोगों पर केस दर्ज हुआ है।
पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में पुलिस लॉकडाउन न मानने वालों से सख्ती से पेश आ रही है।
दिल्ली में 24 घंटे में कोई नया मामले सामने नहीं आया
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। 5 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि हम किसी भी हालत में स्थिति को बेकाबू न होने दें। इसमें सभी लोगों के सहयोग की जरूरत है।
कजाखस्तान में फंसे भारतीय छात्रों ने वहां से निकालने का आग्रह किया
कजाखस्तान में फंसे भारतीय छात्रों ने अधिकारियों से वापस निकालने का आग्रह किया है। वहां पढ़ने वाले भारतीय छात्रों ने कहा कि वे मौजूदा स्थिति के कारण फंस गए हैं, क्योंकि उनकी बुक की गई उड़ानें रद्द हो गई हैं। छात्र एयरपोर्ट के पास ही किराए के घर में रह रहे हैं, क्योंकि उनका हॉस्टल एयरपोर्ट से बहुत दूर है।
भारत-बांग्लादेश की सीमा पर कश्मीरी छात्र फंसे
ढाका में पढने वाले 70 कश्मीरी छात्र भारत-बांग्लादेश की सीमा बेनापोर्ट पर फंस गए। कोरोना की वजह से कॉलेज बंद होने के बाद वे भारत लौट रहे थे। केंद्र सरकार ने सभी अंतराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी है। अंतरराष्ट्रीय सीमा, बंदरगाह और इंट्री प्वाइंट बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में कश्मीरी छात्र अपने घर वापस नहीं लौट पा रहे हैं। बांग्लादेश में करीब 7 हजार से 10 हजार कश्मीरी छात्र पढ़ते हैं। इनमें से ज्यादातर घर लौट चुके हैं। हालांकि जो अभी तक नहीं लौट सके थे, वे भी अब लौटना चाह रहे हैं। लेकिन, आने के सभी रास्ते बंद होने से वापस नहीं लौट पा रहे।
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कश्मीर छात्रों ने फ्लाइट्स कैंसल होने के बाद मदद की गुहार लगाई है।
राज्यों के हाल
-
गोवा: मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पूरी तरह से लॉकडाउन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी दुकानें 31 मार्च तक बंद रहेंगी। सरकार जरूरी सामान बांटने की व्यवस्था करेगी। इसके बारे में सभी कलेक्टर फैसला करेंगे। दूध की आपूर्ति गोवा डेयरी सुनिश्चित करेगा।
-
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भास्कर समेत अन्य प्रिंट मीडिया प्रमुखों से कोरोना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मीडिया ने देश के हर कोने में जानकारी पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। मीडिया का नेटवर्क पूरे भारत में गांव से लेकर शहरों तक है। इसे सरकार और लोगों को जोड़ने का काम करना चाहिए।
-
महाराष्ट्र: गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहामुंबई के अंधेरी और भिवंडी इलाके के गोदामों से 15 करोड़ रुपए कीमत के 25 लाख मास्क जब्त किए गए हैं। इनमें 3 लाख एन-95 मास्क थे। 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया वहीं 2 अन्य फरार हैं।
-
गुजरात: प्रधान सचिव जयंती रवि ने कहा कि गुजरात में कोरोना पॉजिटिव के 2 नए मामले सामने आए। राज्य में मामलों की संख्या 33 पहुंची। राज्य में हाल में विदेश से लौटे 27 हजार लोगों की जांच की जा रही है।
-
तमिलनाडु: सरकार सभी राशन कार्ड धारकों को मुफ्त में चावल, चीनी और अन्य जरूरी सामान देगी। मुख्यमंत्री के. पलानीसामी ने कहा कि लोगों की कतार न लगे इसलिए टोकन जारी कर मुफ्त सामान बांटे जाएंगे। सरकार कोरोना मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर्स, नर्स और स्वास्थ्य कर्मचारियों को एक महीने का अतिरिक्त वेतन देगी। इस बीच, अभिनेता रजनीकांत ने फिल्म इम्लॉइज फेडरेशन ऑफ साउथ इंडिया यूनियन से जुड़े कर्मचारियों के लिए 50 लाख रु. दान किए।
-
दिल्ली: पुलिस ने जामिया यूनिवर्सिटी के बाहर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को हटाया। 21 मार्च को ही यूनिवर्सिटी ने गेट नंबर 7 पर हो रहे प्रदर्शन को अस्थाई तौर पर स्थगित कर दिया था। वहीं, शाहीनबाग में सीएए के खिलाफ चल रहे धरने को पूरी तरह से खत्म करवा दिया है।
-
उत्तर प्रदेश: नोएडा में मंगलवार सुबह तक लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 1995 गाड़ियों का चालान काटा गया और 96 एफआईआर दर्ज की गई।
-
उत्तराखंड: सरकार ने राज्य के 100 बिस्तरों से ज्यादा वाले सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को 25% बिस्तर कोरोनावायरस पॉजिटिव या संदिग्धों के लिए रखने का निर्देश दिया। मंगलवार को लॉकडाउन में तीन घंटे की राहत दी गई। देहरादून पुलिस के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है। राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन घोषित किया गया है।
-
कर्नाटक: कश्मीरी छात्रों के एक ग्रुप ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर घरेलू विमानों की उड़ानें रद्द करने के बाद प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि उन्होंने 27 और 28 मार्च की टिकटें बुक की थी। अब फ्लाइट्स कैंसल होने का ऑर्डर जारी कर दिया गया। ऐसे में हम क्या करेंगे। इसी बीच धारा 144 के नियमों का उल्लंघन करने पर मेंगलुरु में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
-
झारखंड: रांची पुलिस ने लॉकडाउन नहीं मानने वाले 30 से ज्यादा लोगों के खिलाफ 12 एफआई दर्ज की है। जरूरी सामान छोड़कर दूसरी चीजें बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
-
आंध्र प्रदेश: सरकार ने राशन कार्ड धारकों को अप्रैल का राशन मुफ्त में देने की घोषणा की। वहीं, शिक्षा मंत्री अदिमुलापु सुरेश ने कहा कि 31 मार्च से शुरू होने वाली दसवीं की परीक्षा दो हफ्ते के लिए टाल दी गई है। नई तारीख की घोषणा 31 मार्च के बाद स्थिति देखते हुए की जाएगी।
-
केरल: डीजीपी लोकनाथ बेहेरा ने कहा लॉकडाउन लोगों की भलाई के लिए किया गया है। इस दौरान टैक्सी, ऑटो और रिक्शा का इस्तेमाल केवल जरूरी चीजों की आवाजाही के लिए होगा। पूरे शहर में गाड़ियों में रखकर दवाएं बांटी जा रही है।