Publish Date:Sat, 30/May 2020
R24News : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य संतोष सिंह के वार पर पूर्व मंत्री बच्चा सिंह ने पलटवार किया है। पूर्व मंत्री बच्चा सिंह ने कहा है कि हम संतोष सिंह की हत्या क्यों कराएंगे ? मुझे उनसे कोई मतलब ही नहीं है।
सिंह ने कहा कि संतोष सिंह को पुलिस से बॉडीगार्ड चाहिए। बॉडीगार्ड उनसे छिन लिया गया है। गार्ड लेने के लिए यह सारा खेल हो रहा है। बॉडीगार्ड लेने के लिए गलत ढंग से हमारे नाम का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस को भी पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करनी चाहिए। गलत खबर फैलाने वाले अगर जांच में दोषी पाए जाते है तो उन पर भी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
क्या है मामला
कांग्रेस नेता संतोष सिंह ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए झारखंड पुलिस को ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में रघुकुल खेमा की ओर संदेह जताते हुए पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। संतोष सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा है-यदि मेरी हत्या हुई, तो इसके दोषी रघुकुल खेमा के बच्चा सिंह, एकलव्य सिंह तथा उसके मौसेरे भाई हर्ष सिंह होंगे। मेरे मृत्यु पूर्व इस बयान के तहत एफआइआर हो। संतोष सिंह ने ट्वीट में झारखंड पुलिस के साथ धनबाद पुलिस, डीसी धनबाद और मुख्यमंत्री को भी टैग किया है। संतोष सिंह के ट्वीट पर झारखंड पुलिस ने एसएसपी को मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। संतोष सिंह ने लिखा है कि लॉकडाउन के दौरान उनकी सुरक्षा वापसी के साथ माफिया की सुरक्षा वापस होना स्वागत योग्य हैै। परंतु, इस बीच अगर मेरी हत्या होती है तो बच्चा सिंह, एकलव्य सिंह और हर्ष सिंह पर उनके मृत्यु पूर्व बयान के तहत एफआइआर दर्ज हो। इसके बाद बच्चा सिंह ने पलटवार किया है। बच्चा सिंह के भतीजे की पत्नी पूर्णिमा नीरज सिंह झरिया की विधायक हैं।
संतोष सिंह से लिखित शिकायत लेकर पुलिस करेगी जांच
कांग्रेस नेता संतोष सिंह ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए रघुकूल खेमा की ओर संदेह जताया है। संतोष सिंह ने डीजीपी को ट्वीट कर अपनी जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। झारखंड पुलिस के आदेश पर धनबाद पुलिस ने संतोष सिंह की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है। इसके लिए संतोष सिंह से लिखित प्रतिवेदन मांगा गया है। मालूम हो कि संतोष सिंह ने झारखंड पुलिस को ट्वीट किया था कि उनकी हत्या होती है तो इसके लिए रघुकुल खेमा के बच्चा सिंह, एकलव्य सिंह व हर्ष सिंह पर प्राथमिकी दर्ज हो।


