रांची । झारखंड में भाजपा के टिकट से बेदखल हुए पूर्व मंत्री सरयू राय को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ मिला है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने झारखंड में अकेले सभी सीटों पर चुनाव लडऩे की घोषणा के बावजूद जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ ताल ठोक रहे भाजपा के बागी सरयू राय को समर्थन देने का निर्णय किया है। नीतीश कुमार उनके समर्थन में प्रचार करने जमशेदपुर भी आ सकते हैं।
जदयू के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मंगलवार को यहां कहा कि सरयू राय भ्रष्टाचार के खिलाफ पहले से लड़ाई लड़ते रहे हैं। उनका वर्तमान कदम भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध है। चूंकि नीतीश कुमार की भी सोच भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस है, इसलिए पार्टी ने चुनाव में उनका समर्थन करने का निर्णय लिया है।
यह भी कहा कि यदि सरयू राय प्रचार में आने का आग्रह करेंगे, तो नीतीश सहित पार्टी के तमाम बड़े नेता उनके समर्थन में जमशेदपुर आएंगे। इसके लिए पार्टी भी उनसे आग्रह करेगी। बता दें कि सरयू राय के नीतीश कुमार के साथ करीबी रिश्ते भी हैं। मौके पर पूर्व मंत्री लालचंद महतो, प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार, भगवान सिंह, संजय सहाय आदि उपस्थित थे।