Publish Date:Wed, 20/May 2020
R24News : धनबाद। बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात Amphan का असर दिखने लगा है। सुबह से ही थम-थमकर बारिश हो रही है। आसमान में काले बादल अटखेलियां कर रहे हैं। मौसम में बदलाव से तापमान में भी गिरावट आ गई है। दो दिन पहले तक 38-39 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान आज 26 पर है।

चक्रवात का पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अधिक प्रभाव दिखेगा। इसके मद्देनजर भुवनेश्वर-नई दिल्ली एसी स्पेशल को 18 मई से डायवर्ट कर दिया गया है। हावड़ा से खुलने वाली हावड़ा-नई दिल्ली एसी स्पेशल ट्रेन आज रद कर दी गई है। गुरुवार को नई दिल्ली से हावड़ा के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी।
दोपहर एक बजे के बाद ज्यादा प्रभाव दिखने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आज दोपहर एक बजे चक्रवात दीघा के तट से टकराएगा। इसके बाद चक्रवात के बाहरी हिस्से के बादल धनबाद की ओर बढ़ेंगे। इससे आंधी और बारिश की संभावना बढ़ेगी।
गुरुवार दोपहर तक रहेगा प्रभाव
चक्रवात का प्रभाव धनबाद और आसपास में गुरुवार दोपहर तक दिखने का अनुमान है। इसके बद असम की ओर बढ़ जाएगा। हालांकि मौसम विभाग ने 25 मई तक तेज बादल गरजने और बारिश की संभवना जताई है।


