देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर हुए दुस्साहसिक आतंकी हमले ने 26 नवम्बर की तारीख़ को कैलेंडर पर लाल घेरे में क़ैद कर दिया है। जब भी यह तारीख़ आती है, दहशत और वहशत के मंज़र आंखों के सामने किसी बुरी याद की तरह तैरने लगते हैं। 12 साल बाद भी आंतक की उस वारदात की टीस दिलों में ज़िंदा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित इस घटना ने बॉलीवुड ही नहीं कई विदेशी फ़िल्मकारों का भी ध्यान आकर्षित किया और विभिन्न पहलुओं पर फ़िल्में बनायी गयीं। बॉलीवुड का फोकस जहां आतंकवादी अजमल कसाब के ट्रायल और सुरक्षा बलों की कुर्बानी और जांबाज़ी पर था, वहीं विदेशी फ़िल्मकारों ने आतंक हमलों में फंसे होटल के मेहमानों के सरवाइवल को कहानी का आधार बनाया। आइए, नज़र डालते हैं ऐसी फ़िल्मों पर-
भारतीय फ़िल्में
द अटैक्स ऑफ़ 26/11- मुंबई हमलों पर सबसे पहली फ़िल्म राम गोपाल वर्मा ने बनाई थी। हालांकि यह फ़िल्म इस हमले के मुख्य आरोपी अजमल कसाब के ट्रायल पर आधारित थी, जिसे पुलिस ने ज़िंदा पकड़ा था। यह फ़िल्म साल 2013 में आई थी। इस फ़िल्म में नाना पाटेकर लीड रोल में थे। उनका किरदार तत्कालीन पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया से प्रेरित था, जिन्होंने शुरू से अंत तक इस केस को संभाला था। हमलों के तुरंत बाद राम गोपाल वर्मा ने मुंबई के होटल ताज का दौरा भी किया था, जो आतंकी हमलों का प्रमुख निशाना बना था। इसको लेकर सियासत गरमा गयी थी। हालांकि, 2012 में रामू ने इस विज़िट के लिए माफ़ी मांगी थी।
इसके अलावा, कुछ ऐसी फ़िल्में भी हैं, जो 26 नवम्बर को हुए आतंकी हमलों पर आधारित तो नहीं, मगर इनसे प्रेरित ज़रूर थीं। 2015 में आयी कबीर ख़ान की फैंटम ऐसी ही फ़िल्म है, जिसमें सैफ़ अली ख़ान और कटरीना कैफ़ ने लीड रोल्स निभाये थे। फ़िल्म की कहानी 26/11 के ज़िम्मेदार आतंकियों के साजिशकर्ताओं को खोजने और अंजाम तक पहुंचाने पर आधारित थी।
शहीद कमांडो पर फ़िल्म ‘मेजर’: मुंबई हमलों में शहीद हुए एनएसजी कमांडो मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की बायोपिक मेजर भी निर्माणाधीन है, जिसे दक्षिण भारत के सुपरस्टार महेश बाबू प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस फ़िल्म में मेजर उन्नीकृष्णन के किरदार में अदिवि शेष दिखेंगे। ‘मेजर’ द्विभाषी फ़िल्म है, जिसका निर्माण हिंदी और तेलुगु में किया जा रहा है। फ़िल्म में सई मांजरेकर और शोभिता धूलिपाला भी अहम किरदारों में दिखेंगी।
अंतरराष्ट्रीय फ़िल्में
होटल मुंबई- 26/11 अटैक्स पर बनने वाली सबसे ताज़ा फ़िल्म होटल मुंबई है, जो पिछले साल 29 नवंबर को रिलीज़ हुई थी। ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और भारतीय को-प्रोडक्शन थी। होटल मुंबई 14 मार्च 2019 को ऑस्ट्रेलिया और 22 मार्च 2019 को अमेरिका में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म में अनुपम खेर के अलावा देव पटेल समेत कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने काम किया था। होटल मुंबई के निर्देशक एंथनी मरास ने दावा किया था कि इसके डायलॉग 26/11 हमले के दौरान हुए ओरिजनल फोन कॉल की ट्रांस्क्रिप्ट पर आधारित हैं। फ़िल्म में एक शेफ़ की कहानी दिखायी गयी, जो अपने होटल में ठहरे गेस्ट को बचाता है।
ताज महल- इस हमले में कई विदेशी नागरिक भी फंसे थे। ऐसे ही कुछ कपल्स की कहानी को लेकर स्पेनिश फ़िल्म ताज महल बनाई गयी थी। साल 2015 में आई इस फ़िल्म को निकोलस साद ने डायरेक्ट किया था। इसमें विदेशी टूरिस्ट्स के होटल में फंसने और उसके बाद डर के माहौल की कहानी दिखाई गई। यह फ़िल्म वेनिस फ़िल्म फेस्टिवल के 72वें एडिशन में भी दिखाई गई थी।
वन लेस गॉड- 2017 में आयी वन लेस गॉड को होटल ताज में ठहरे अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के नज़रिए से बनाया गया था। यह उनके सरवाइवल की कहानी थी। इस फ़िल्म का निर्देशन लियाम वर्थिंगटन ने किया था। इस फ़िल्म में भी कई देसी और विदेशी कलाकार थे। भारत में फ़िल्म 18 जनवरी 2019 को रिलीज़ हुई थी।
वेब सीरीज़
स्टेज ऑफ़ सीज- 26/11
ज़ी5 की 8 एपिसोड्स की सीरीज़ स्टेज ऑफ़ सीज 26/11 इसी घटना पर आधारित है। सीरीज़ हमलों के दौरान एनएसजी कमांडोज़ के एक्शन और साहस को दिखाती है। इस सीरीज़ में अर्जन बाजवा, अर्जुन बिजलानी, मुकुल देव, विवेक दहिया और तारा अलीशा बेरी ने मुख्य भूमिकाएं निभायीं।
मुंबई डायरीज़ 26/11- इस वेब सीरीज़ का निर्माण निखिल आडवाणी कर रहे हैं। निखिल की सीरीज़ कामा अस्पताल में हुए क़त्ले-आम पर फोकस रहेगी। अमेज़न प्राइम पर रिलीज़ के लिए निर्धारित सीरीज़ में कोंकणा सेन शर्मा और मोहित रैना मुख्य भूमिकाओं में हैं। पहले सीरीज़ का टाइटल बॉम्बे डायरीज़ था।