Publish Date: Sat, 8/Feb2020
R24News : सिंदरी/ सऊदी अरब में हुई मौत के 42 वें दिन 28 वर्षीय जयप्रकाश महतो का शव शुक्रवार की शाम पौने सात बजे सिंदरी के मनोहरटांड स्थित उसके घर लाया गया। शव वाहन के घर के सामने लगते ही पत्नी, माता-पिता व परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। इसी माहौल में ग्रामीणों ने वाहन से ताबूत को नीचे उतारा। ताबूत में ही जयप्रकाश का शव था।
मृतक के पिता डोमन महतो ताबूत को देखते ही बेहोश हो गए। मृतक की मां मालती देवी, पत्नी खुशबू देवी के सब्र का बांध जैसे टूट गया। चीत्कार करते हुए उनकी आंखों से अश्रुधारा निरंतर बहने लगी। गांव की महिलाओं ने बमुश्किल मृतक की मां और पत्नी को वहां से हटाकर घर के भीतर ले गए। रात को गमगीन माहौल में परिजनों व ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार सिंदरी के श्मशान घाट में किया।
औद्योगिक दुर्घटना में 28 दिसंबर को जयप्रकाश की हुई थी सऊदी में मौत
सउदी अरब के एक कारखाना में काम करने के दौरान दुर्घटना में 28 दिसंबर 2019 को जयप्रकाश महतो की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही शव का इंतजार हो रहा था।
जयप्रकाश महतो का शव 42 वें दिन सिंदरी लाया जा सका।
सऊदी अरब से जयप्रकाश का शव गुरुवार को दिल्ली लाया गया था। दिल्ली से नियमित फ्लाइट से शव को शुक्रवार को लगभग 12 : 30 बजे रांची एयरपोर्ट लाया गया था। उपायुक्त धनबाद अमित कुमार ने परिजनों को शव लाने के लिए शव वाहन उपलब्ध कराया था।


