Publish Date:Fri, 27/March2020
R24News : धनबाद । शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (सिंफर) के वरीय तकनीकी अधिकारी रुबेन मुर्मू संस्थान परिसर से ही रहस्यमय ढंग से गायब हो गए हैं। वे 20 मार्च से गायब हैं। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया कि उनका अपहरण हुआ है या वे खुद कहीं चले गए हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर परिजन और संस्थान के वैज्ञानिक चिंतित हैं। मुर्मू के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद संस्थान के वैज्ञानिक सकते हैं।

CIMFR प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि 20 मार्च की सुबह 6.30 बजे से वह सिम्फर कॉलोनी परिसर से लापता हैं। उनकी आयु 55 वर्ष है। लापता होने से पहले वह चेक शर्ट और काला पैंट और पांव में जूता पहने हुए थे। मुर्मू 20 साल से अधिक समय से सिम्फर में काम कर रहे हैं।
रुबेन मुर्मू धनबाद में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। पत्नी ने धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिम्फर प्रबंधन के अनुसार वह काफी डिप्रेशन में रहते थे।


