Publish Date:Wed, 25/March2020
R24News : धनबाद । कोरोना संकट के समय अपनी जिम्मेवारी को समझते हुए धनबाद के जनप्रतिनिधि भी सामने आए हैं। कोरोना वायरस संक्रिमतों का इलाज सुनिश्चित करने के लिए सांसद और विधायक अपने-अपने फंड से राशि दे रहे हैं। इन राशियों से कोराना वायरस से बचाव और इलाज के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी की जा सकती है।
झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने वैश्विक महामारी कोरोना से रोकथाम एवं पीड़ितों के इलाज के लिए विधायक मद से 10 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की है। इसके जरिए सैनिटाइजर, मास्क और वेंटिलेटर की भी खरीदारी की जाएगी। पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि आप सभी के लिए एक छोटा सा प्रयास है, ताकि हम इस लड़ाई में कहीं पीछे ना रह जाएं। आप सब अगले 21 दिनों तक प्रशासन के नियमों का अनुपालन कर अपना योगदान दें और हम हर संभव प्रयास करेंगे, आपको इस महामारी से बचाने का। धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने भी उप विकास आयुक्त को पत्र लिखकर विधायक फंड से राशि खर्च करने की अनुमति दी है। इस मामले में फरार चल रहे विधायक ढुलू महतो भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने भी कोरोना वायरस से बचाव के लिए विधायक फंड से राशि खर्च करने की लिखित इजाजत धनबाद जिला प्रशासन को दी है। गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चाैधरी भी सामने आए हैं। सांसद फंड से राशि देने की घोषणा की है।