Publish Date:Mon, 23/March2020
R24News : धनबाद । झारखंड में कोरोना वायरस के प्रवेश को रोकने के लिए राज्य सरकार ने 31 मार्च तक लॉकडाउन की घोषणा की है। इसके बाद आम और खास लोगों में घबड़ाहट और अफरातफरी की माहाैल है। लॉकडाउन की पहली सुबह सोमवार को लोग घरों से निकलकर सीधे राशन दुकान और सब्जी बाजार का रूख किया। अचानक दुकानों पर भीड़ को देख कुछ दुकानदार फायदा भी उठाने में जुट गए हैं। इस माैके का गलत फायदा उठाते हुए जरूरी और खाने-पीने की चीजों की कीमत में वृद्धि कर दी है। इस देखते हुए उपायुक्त अमित कुमार ने आम जनता से अपील की है। कहा है-घबराने की जरूरत नहीं है।
जनता कर्फ्यू के बाद लॉकडाउन की पहली सुबह सोमवार को बाजार खुलते ही जबर्दस्त भीड़ दिखी। खासकर राशन और सब्जी लेने बालों की अधिक भीड़ रही। सब्जियां निर्धारित धाम से अधिक बिकी। 2 दिन पहले तक जो सफेद आलू ₹16 किलो बिक रहा था, वह ₹25 किलो हो गया। टमाटर 20 से ₹30 किलो पहुंच गया। प्याज का रेट भी बढ़ गया है। खुदरा रेट में प्याज ₹25 किलो बिक रहा था, इस समय ₹30 किलो हो गया है। धनिया ने जबरदस्त छलांग लगाई है, ₹15 में 100 ग्राम धनिया बिक रहा है। इसी तरह शिमला मिर्च, बैंगन, गाजर, मटर आदि के दाम भी बढ़ गए हैं। विनोद बिहारी चौक में सब्जी विक्रेता पंकज ने बताया कि आज सब्जी आई ही नहीं। हम लोग शनिवार की सब्जियां ही बेच रहे हैं। इससे दाम बढ़ गया।
आप सभी से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान ना दें। किसी भी परिस्थिति में घबराने की जरूरत नही है। सतर्क रहें और अपने हाथ को निरंतर साबुन से साफ करते रहें। आपात स्थिति में 104 या 181 पर सम्पर्क करें। जिला प्रशाशन 24 X 7 आपकी सेवा में तत्पर है।
— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) March 23, 2020