रांची । Jharkhand Assembly Election 2019 – झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी है। 15 प्रत्याशियों की इस सूची में विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, अमर कुमार बाउरी समेत पार्टी के छह वर्तमान विधायकों पर भरोसा जताया है। भाजपा ने अब तक 81 में 68 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 52 और दूसरी सूची में महज एक लोहरदगा सीट से प्रत्याशी की घोषणा की गई थी।
यदि हुसैनाबाद से भाजपा समर्थित उम्मीदवार विनोद सिंह को भी जोड़ लें तो इनकी संख्या 69 हो जाती है। इस तरह अब 12 सीटों की घोषणा शेष है। भाजपा की तीसरी सूची में भी मंत्री सरयू राय का नाम नहीं है जिसे लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। मांडर सीट से विधायक गंगोत्री कुजूर का टिकट काट दिया गया है। यहां से देव कुमार धान को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, निरसा से अपर्णा सेन गुप्ता को टिकट दे महिला कोटे को बैलेंस रखा गया है। पिछली बार यहां से पार्टी के वरिष्ठ नेता गणेश मिश्र को मौका दिया गया था। भाजपा ने अब तक घोषित प्रत्याशियों में छह महिलाओं को जगह दी है। भाजपा ने पिछली सूची में दस विधायकों के टिकट काटे थे जबकि इस सूची में सिर्फ एक महिला विधायक का टिकट कटा है। निजी विवादों में घिरे बिरंची नारायण अपनी दावेदारी बचाने में कामयाब रहे।