रांची, Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम माथुर शुक्रवार को रांची पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि सीट शेयरिंग पर दोनों दलों की ओर से लगातार बिगड़ते रिश्ते को लेकर आज कोई बड़ा एलान किया जाएगा। भाजपा और आजसू के बीच जारी खींचतान पर संभव है कि प्रदेश चुनाव प्रभारी आखिरी फैसला लें। भाजपा की अंतिम सूची भी जारी की जा सकती है। ओम माथुर ने कहा कि हम आजसू के रुख का इंतजार कर रहे हैं।
भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत मेंं कहा कि हम चुनाव में जा रहे हैं। तीसरी लिस्ट जारी हो चुकी है। कुछ सीटें बचीं हैं, एक दो दिन में वह भी जारी हो जाएगी। आजसू से रिश्तों पर कहा कि हम गठबंधन को बनाए रखना चाहते हैं। हमें चुनाव में सौहार्दपूर्ण तरीके से जाना चाहिए। कई बार चुनाव में फ्रेंडली फाइट भी होती है।
ओेम माथुर ने गठबंधन बना रहेगा, इस पर कहा कि हम आजसू के रुख का इंतजार कर रहे हैं। हमारी नौ सीटें अभी शेष है। अब निर्णय उन्हें लेना है। वो क्या सोच रहे हैं यह उनसे जुड़ा विषय है। क्या झारखंड में भाजपा की रणनीति फेल हो रही है पर कहा कि हमारी रणनीति कभी फेल नहीं होती। भाजपा निश्चित तौर पर 65 प्लस का आंकड़ा पार करेगी। 23 दिसंबर को देख लीजिएगा।