Publish Date:Sat, 18/Jan2020
शिकागो में तूफान के खतरे को देखते हुए शुक्रवार को केंद्रीय उड्डयन प्रशासन ने शिकागो के ओ हारे एयरपोर्ट OHare Airport पर आने जाने वाली सभी उड़ानों पर घंटों तक की रोक लगा दी।
R24 News : मौसम की बेरुखी भारत, पाकिस्तान और नेपाल में ही नहीं देखी जा रही है। अमेरिका में भी मौसम ने अपने तेवर तल्ख कर लिए हैं। अमेरिका के इलिनाय प्रांत का सबसे बड़ा शहर शिकागो शीतकालीन तूफान winter storm के खतरे से जूझ रहा है। इस तूफान के खतरे को देखते हुए शुक्रवार को केंद्रीय उड्डयन प्रशासन ने शिकागो के ओ हारे एयरपोर्ट O’Hare Airport पर आने जाने वाली सभी उड़ानों पर घंटों तक की रोक लगा दी। ओ हारे अमेरिका के व्यस्ततम एयरपोर्टों में शुमार है।
समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को रात नौ बजकर 45 मिनट पर विमानों का आवागमन बहाल किया लेकिन तब तक सैंकड़ों उड़ानें रद हो चुकी थीं। शुक्रवार को ही डेल्टा एयरलाइन का एक विमान कंसास सिटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट Kansas City International Airport पर बर्फ के कारण फिसल गया। हालांकि, इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यही नहीं इस तूफान की वजह से मिडवेस्ट के बड़े हिस्से में स्कूल, विश्वविद्यालय और सरकारी कार्यालयों को बंद कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभी कुछ ही दिन पहले अमेरिका के दक्षिणी भाग में आए शक्तिशाली तूफान की चपेट में आकर कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस तूफान के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने से टेक्सास से ओहियो तक हजारों लोग प्रभावित हो गए थे। यही नहीं ओकलाहोमा और अरकांसास में बाढ़ के कारण कुछ राजमार्ग बंद हो गए थे। इस तूफान का असर शिकागो के दो अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डों पर भी पड़ा था और 1,200 से ज्यादा फ्लाइटें रद हो गई थीं। यही नहीं बारिश के कारण कई नदियों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा था।
Posted By: Aditya Dubey R24 News