Publish Date: Fir, 7/Feb2020
-
झाविमो के केंद्रीय प्रधान महासचिव की ओर से 4 फरवरी को प्रदीप यादव को नोटिस जारी किया गया था
-
मांडर विधायक बंधु तिर्की को झाविमो ने पार्टी से 21 जनवरी को निष्कासित कर दिया था
R24News : रांची/ झारखंड विकास माेर्चा (झाविमो) के विधायक प्रदीप यादव काे गुरुवार काे पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। 4 फरवरी को झाविमो ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में विधायक यादव को शोकॉज नोटिस जारी किया था। इस संबंध में 48 घंटे में जवाब देने का समय दिया गया था, जिसका समय आज खत्म हो गया। झाविमो के प्रधान महासचिव अभय सिंह ने बताया कि दिए गए समय में प्रदीप यादव की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इस वजह से झाविमो के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देशानुसार प्रदीप यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
नोटिस में झाविमो ने कहा- आप कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं
झाविमो ने पार्टी विरोधी कार्य को लेकर प्रदीप यादव को नोटिस जारी किया था। इसमें कहा गया कि पिछले कुछ दिनों से आपके द्वारा पार्टी के खिलाफ विभिन्न समाचार पत्रों में दिए गए बयान पार्टी के अनुशासन के खिलाफ प्रतीत होते हैं। यहां तक कि पार्टी अध्यक्ष के खिलाफ भी टिप्पणी की गई है। यह सब दर्शाता है कि आप पार्टी के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं और आप कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं।
भाजपा में झाविमो के विलय की कवायद तेज
विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव पर की गई कार्रवाई को अब झाविमो का भाजपा में विलय की कवायद से जोड़ कर देखा जा रहा है। झारखंड विधानसभा चुनाव में बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के तीन विधायकों ने जीत दर्ज की थी। इसमें बंधु तिर्की और प्रदीप यादव शामिल हैं। बंधु को पार्टी ने 21 जनवरी को ही निष्कासित कर दिया था।
प्रदीप यादव और बंधु तिर्की ने की बैठक, कहा- राज्यहित में साथ-साथ करेंगे संघर्ष
जेवीएम से निष्कासित दोनों विधायकों प्रदीप यादव और बंधु तिर्की ने गुरुवार शाम बैठक की। प्रदीप यादव के सरकारी आवास पर यह बैठक हुई। गौरतलब है कि अपने निष्कासन के बाद बंधु तिर्की विधायक प्रदीप यादव के आवास पर आए थे। गुरुवार को जब प्रदीप यादव का निष्कासन हुआ तो भी बंधु तिर्की प्रदीप यादव से मिलने पहुंचे। आगे की योजना के बाद में विधायकों ने कहा कि वे दोनों एक साथ हैं। दोनों का मन मिजाज एक-दूसरे से मिलता है। आनेवाले समय में वे राज्य के विकास के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
3 झाविमाे नेता निष्कासित
इधर, देवघर में झाविमाे के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के भाजपा में विलय और प्रदीप यादव काे नाेटिस जारी करने के विराेध में मरांडी का पुतला जला दिया था। इस पर नागेश्वर सिंह, दिनेश मंडल और मनिकांत यादव काे झाविमो से निष्कासित कर दिया गया।


