Jan 27, 2020, 12:25

चाईबासा/R24 News :पश्चिम सिंहभूम चाईबासा पुलिस ने बुरूगुलीकेरा नरसंहार मामले में 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें पत्थलगड़ी नेता और पूर्व मुखिया के पति राणसी बूढ़ और ग्रामीण मुंडा सुखराम बूढ़ भी शामिल है। बुरूगुलीकेरा गांव में 19 जनवरी को पत्थलगड़ी समर्थकों ने ग्रामसभा कर पत्थलगड़ी विरोधी उपमुखिया जेम्स बूढ़ समेत 7 ग्रामीणों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद गांव के पास जंगल में ले जाकर सातों के गले काटकर सिर धड़ से अलग कर फेंक दिए थे।
22 जनवरी को बरामद किए गए थे शव
पुलिस ने 22 जनवरी बुधवार को सातों शवों को बरामद किए। मामले में पूर्व मुखिया के पति राणसी बूढ़, जितेंद्र बूढ़ और कोंजे बूढ़ को हिरासत में ले लिया था। इन तीनों आरोपियों और मरने वालों के परिजन से पूछताछ के बाद पुलिस ने शुक्रवार को अन्य 12 आरोपियों को हिरासत में लिया था। इन 12 आरोपियों को पुलिस ने सोनुआ थाना में रखा था। जबकि पूर्व मुखिया पति राणसी बूढ़, जितेंद्र बूढ़ और कोंजे बूढ़ को अन्य जगह रखा गया था। रविवार को 12 आरोपियों को दोपहर के बाद करीब साढ़े तीन बजे सोनुआ थाना से पुलिस चाईबासा ले गयी।
- 19 जनवरी को पत्थलगड़ी विरोधी उपमुखिया समेत 7 ग्रामीणों की हत्या कर दी गई थी
- 22 जनवरी को पुलिस ने जंगल से बरामद किए थे सातों शव, सिर धड़ से अलग थे
सदर अस्पताल में मेडिकल और कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेल
बुरूगुलीकेरा नरसंहार मामले में अब तक गिरफ्तार 15 आरोपियों का चाईबासा सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इन सभी को गुदड़ी थाना दर्ज हत्या के संबंधित मामलों के तहत गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी अभियुक्त बुरुगुलीकेरा गांव के हैं।
पुलिस ने इन अभियुक्तों को भेजा जेल
- सुखराम बुढ़ (50 वर्ष)
- राणसी बुढ़ (52 वर्ष)
- मनसुख बुढ़ (55 वर्ष)
- जीतेन्द्र बुढ़ (45 वर्ष)
- कोंजे बुढ़ (51 वर्ष)
- टीपरु बुढ़ (45 वर्ष)
- जयसिंह बुढ़ (50 वर्ष)
- बुधुवा बुढ़ (50 वर्ष)
- मानव बुढ़ (50 वर्ष)
- बुधुवा बुढ़ उर्फ बुधुवा मुंडा (28 वर्ष)
- सुरसेन बुढ़ (25 वर्ष)
- हेरमन बुढ़ (19 वर्ष)
- नागु बुढ़ (25 वर्ष)
- कौंजे लुगून (29 वर्ष)
- सनिका लुगून (55 वर्ष)