R24 News
नई दिल्ली, R24 News । अजय देवगन की फ़िल्म तानाजी- द अनसंग वॉरियर का बॉक्स ऑफ़ि पर जलवा जारी है। फ़िल्म ने दूसरे वीकेंड में शानदार कमाई करने के बाद सोमवार को भी बेहतरीन कलेक्शन किया है, जिसके चलते 200 करोड़ के और नज़दीक पहुंच गयी है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के पूर्वानुमानों के अनुसार, दूसरे सोमवार को तानाजी ने लगभग 8 करोड़ का कलेक्शन किया है। अंतिम आंकड़ों में यह राशि घट या बढ़ सकती है। इसके साथ तानाजी का 11 दिनों का नेट कलेक्शन 175 करोड़ के आस-पास हो गया है। ज़ाहिर है कि तानाजी 200 करोड़ के माइल स्टोन से महज़ 25 करोड़ की दूरी पर है। अगर फ़िल्म इसी रफ़्तार से चलती रही तो इस हफ़्ते में इस पड़ाव को पार कर लेगी। तानाजी को लेकर ट्रेड जानकार भी हैरान हैं, क्योंकि फ़िल्म की रिलीज़ से पहले माना जा रहा था कि अजय देवगन की यह फ़िल्म 100 करोड़ का बिज़नेस आसानी से करेगी, मगर 200 करोड़ का अनुमान किसी ने नहीं लगाया था।
तानाजी अजय देवगन के करियर की दूसरी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बन चुकी है और दूसरी 200 करोड़ी फ़िल्म भी होगी। इससे पहले आयी गोलमाल अगेन अजय के करियर की पहली 200 करोड़ कमाने वाली फ़िल्म है। हालांकि वो फेस्टिव रिलीज़ थी, जो 2017 की दिवाली पर रिलीज़ हुई थी। वहीं, तानाजी नॉन हॉलीडे रिलीज़ है। हिंदी के साथ मराठी में रिलीज़ होने की वजह से फ़िल्म महाराष्ट्र में अच्छा कारोबार कर रही है।
10 जनवरी को 3800 से अधिक स्क्रींस पर देशभर में रिलीज़ हुई तानाजी को 15.10 करोड़ की झन्नाटेदार ओपनिंग मिली थी, जो उम्मीद से भी अधिक थी। पहले शनिवार को फ़िल्म ने 20.57 करोड़ बटोरे और रविवार को 26.26 करोड़ का कलेक्शन किया था। वहीं, वर्किंग वीक में फ़िल्म के कलेक्शंस डबल डिजिट में रहे। सोमवार को फ़िल्म ने 13.75 करोड़, मंगलवार को 15.28 करोड़, बुधवार को 16.72 करोड़ और गुरुवार को 11.23 करोड़ जमा किये थे। तानाजी ने पहले हफ़्ते में 118.91 करोड़ का कलेक्शन किया।
दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 10.06 करोड़, शनिवार को 16.36 करोड़ और रविवार को 22.12 करोड़ जमा किये। दूसरे वीकेंड में तानाजी ने 48.54 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था।
ओम राउत निर्देशित तानाजी छत्रपति शिवाजी महाराज के सूबेदार तानाजी मालुसरे की कहानी है, जिसमें अजय ने टाइटल रोल निभाया है। वहीं सैफ़ अली ख़ान उदयभान के किरदार में हैं, जो मुगल सेना का सेनापति था। काजोल ने फ़िल्म मेें तानाजी की पत्नी सावित्रीबाई का किरदार निभाया है।