Publish Date: Wed, 22/Jan2020 चंद्र कुमार बोस बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष हैं। -फाइल फोटो
-
भाजपा उपाध्यक्ष चंद्र कुमार बोस ने कहा- मोहम्मद अली जिन्ना को लगा कि वे भारत में सत्ता साझा नहीं कर सकते थे
-
उन्होंने कहा- जिन्ना का 1955 में निधन हो गया, उसके बाद पाकिस्तान एक इस्लामिक राष्ट्र बन गया
R24 News : कोलकाता/ पश्चिम बंगाल के भाजपा उपाध्यक्ष चंद्र कुमार बोस ने मंगलवार को कहा कि मोहम्मद अली जिन्ना एक धर्मनिरपेक्ष नेता थे। वे कभी देश का बंटवारा नहीं चाहते थे। उस वक्त कांग्रेस के सांप्रदायिक नेताओं के कारण भारत के टुकड़े हुए। चंद्र बोस सुभाष चंद्र बोस के पोते हैं। वे नेताजी के जन्मदिन 23 जनवरी को ‘देशभक्ति दिवस’ घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
चंद्र कुमार ने कहा कि वे (जिन्ना) कांग्रेस द्वारा मजबूर किए गए थे। उन्होंने 1940 के लाहौर सम्मेलन में पाकिस्तान का मुद्दा उठाया था, इसलिए उन्हें लगा कि वे भारत में सत्ता साझा नहीं कर सकते। सरदार पटेल, पंडित (जवाहरलाल) नेहरू और यहां तक कि महात्मा गांधी ने भी इस विभाजन को न चाहते हुए स्वीकार किया। 1955 तक पाकिस्तान धर्मनिरपेक्ष था, लेकिन जिन्ना के निधन के बाद इस्लामिक राष्ट्र बन गया। लेकिन भारत धर्मनिरपेक्ष रहा और यही देश की आत्मा है।
‘राजनीतिक दलों को ‘जय हिंद’ का इस्तेमाल करना चाहिए’
चंद्र कुमार ने कहा- ‘जय हिंद’ नारे का इस्तेमाल आजाद हिंद सरकार और आजाद हिंद फौज में किया गया था। यह सभी धर्म, समुदाय, जाति और पंथों को जोड़ता है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों को ‘जय हिंद’ का इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आजाद हिंद फौज की भावना को पूरे देश में अपनाया जाए तो सभी लोग धर्मनिरपेक्षता की राह पर चलेंगे।
एक करोड़ बांगलादेशी भारत में: दिलीप घोष
उधर, भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि 2 करोड़ बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठिए भारत आए हैं। इनमें एक करोड़ पश्चिम बंगाल में हैं और बाकी पूरे देश में फैल गए हैं। हम किसी भी बांग्लादेशी मुस्लिम को यहां नहीं रहने देंगे। अगर उनका नाम मतदाता सूची में है तो इसे हटा दिया जाएगा। तब दीदी (ममता बनर्जी) किसी को खुश नहीं कर सकेंगी। 2021 के विधानसभा चुनाव में घुसपैठियों के नाम हटने पर तृणमूल के वोटर घट जाएंगे। ऐसे में भाजपा को 200 सीटें और उन्हें 50 भी नहीं मिल पाएंगी। इससे पहले नॉर्थ 24 परगाना जिले में घोष ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर हम 50 लाख मुस्लिम घुसपैठियों की पहचान करेंगे और उन्हें देश से बाहर करेंगे।
Posted By: Aditya Dubey R24 News