Publish Date:Mon, 17/Feb2020
-
रश्मि दीपनगर चौक पर पान-गुटखा की गुमटी चलाती है और गांजा बेचती है
-
पति को बताए बिना करती थी गांजे का धंधा, इसके लिए स्टाफ भी रखा था
R24News : भागलपुर/ जोगसर पुलिस ने नगर निगम में अनुबंध पर कार्यरत कर्मी लवण ठाकुर के दीपनगर स्थित घर में रविवार शाम को छापेमारी कर चार किलो गांजा और 3 लाख 6 हजार रुपए जब्त किया है। इस सिलसिले में पुलिस ने निगम कर्मी की पत्नी रश्मि देवी को गिरफ्तार किया है। रश्मि दीपनगर चौक पर पान-गुटखा की गुमटी चलाती है और वहीं से परफैक्ट रोल (गांजा भरा हाथ से तैयार सिगरेट) में गांजा को भर कर उसे बेचती है।
महिला के घर से जब्त कैश तीन दिनों के गांजा बिक्री की कमाई थी। पुलिस ने निगम कर्मी के घर से सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार रश्मि देवी ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया कि दो साल से वह गांजे बेचने का धंधा कर रही थी। पुलिस को शक है कि रश्मि ने गांजा बेचकर उक्त रुपए और जेवर अर्जित की है। सिटी डीएसपी राजवंश सिंह जोगसर थाना पहुंचकर महिला से पूछताछ की। इस मामले में एनडीपीसी एक्ट की धारा में केस दर्ज करने की तैयारी पुलिस जुट गई है।
प्रेसवार्ता में सिटी डीएसपी ने बताया कि जोगसर पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पहले भी स्मैक के साथ धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया था। इसी कड़ी में रविवार को गांजा के साथ महिला को गिरफ्तार किया गया। महिला से पूछताछ की जा रही है कि वह गांजे की खेप कहां से लाती है। डीएसपी ने बताया कि उक्त महिला गुमटी से गांजे को परफैक्ट रोल में भर कर 10, 20 और 30 रुपए प्रति सिगरेट बेचती थी। इस बारे में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। रविवार शाम को जोगसर थानेदार विश्व बंधु कुमार, दारोगा शिवनंदन साहनी, दारोगा हरि किशोर सिंह, जमादार नवीन चौधरी, जमादार प्रदीप चौधरी, जमादार रणविजय पासवान और महिला पुलिस बलों को छापेमारी को भेजा गया। पुलिस ने महिला की घर और गुमटी से गांजे की खेप बरामद की। एक बोरे में चार किलो गांजा जब्त हुआ है, जबकि दूसरे बोरे में चार किलो गांजा और खैनी का तैयार मिश्रण मिला है। इस मिश्रण को परफैक्ट रोल में भर कर बेचा जाता था।
थाने में महिला का हंगामा, बोलीं-पुलिस को देती हूं पैसे
गिरफ्तारी के बाद महिला को जोगसर थाना लाया गया। वहां महिला हंगामा करने लगी। चिल्लाने लगी कि पुलिसवालों को रोजाना पैसे देती है। फिर उसे क्यों गिरफ्तार किया गया? महिला का दावा है कि जोगसर थाने के प्राइवेट स्टाफ रोहित को वह हर दिन थाने के नाम पर पैसे देती है।
पति को बताए बिना करती थी गांजे का धंधा, इसके लिए स्टाफ भी रखा था
महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि बगलगीर से मुकदमेबाजी में काफी परेशानी हुई थी। कोर्ट-कचहरी में काफी पैसे खर्च हुए थे, जिसके लिए कर्ज लेना पड़ा था। इस कर्ज को तोड़ने के लिए पति को बताए बिना वह गांजा बेचने का धंधा कर रही थी। घर से महिला गांजा-खैनी के मिश्रण को रोल में बेचकर भेजती थी और दुकान में बैठा स्टाफ सागर उसे नशेड़ियों को उपलब्ध कराता था। हालांकि पुलिस की छापेमारी से पहले स्टाफ सागर फरार हो गया था। डीएसपी ने बताया कि छापेमारी में शामिल थानेदार समेत सारे पुलिसकर्मियों के लिए रिवॉर्ड देने की अनुशंसा एसएसपी से करेंगे।
महिला की चल-अचल संपत्ति का आकलन करेगी पुलिस
जोगसर थानेदार को महिला की चल-अचल संपत्ति के आकलन का निर्देश सिटी डीएसपी ने दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह जांच करेगी महिला ने गांजे के धंधे के जरिए चल-अचल संपत्ति तो अर्जित नहीं की है। अगर इस बारे में जानकारी मिलती है तो पीएलएमए एक्ट के तहत महिला की संपत्ति को जब्त करने का प्रस्ताव ईओयू को दिया जाएगा। डीएसपी ने बताया कि शराब बंदी के बाद नशेड़ी और धंधेबाज नशे के अन्य विकल्पों को चुन रहे हैं। इस कारण गांजा, स्मैक के धंधे का शहर में खुलासा हो रहा है। आगे भी नशा के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।


