Publish Date:Mon, 02/March2020
-
जीरोमाइल के समीप स्टेशनरी की दुकान चलाते थे सबौर के अभिमन्यु
-
पहली पत्नी का आरोप-संपत्ति हड़पने को शादी की व ले ली पति की जान
R24News : भागलपुर/ पहली पत्नी के रहते सबौर के बहादुरपुर गांव के 34 साल के व्यवसायी अभिमन्यु कुमार सिंह ने गांव की प्रेमिका से शादी कर ली और 17 दिन बाद ही जहर खाकर जान दे दी। शनिवार की शाम इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में उसकी मौत हो गई। व्यवसायी की पहली पत्नी 24 साल की बांका के कैथा की सोनम भारती ने सौतन कंचन कुमारी पर पति की जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि संपत्ति की लालच में उसने मेरे पति से शादी की, फिर जहर खिलाकर उसकी जान ले ली।
अभिमन्यु कुमार सिंह जीरोमाइल के समीप स्टेशनरी, शृंगार व बिजली का सामान की दुकान चलाते थे। उसका दो जगह मकान है। जीरोमाइल स्थित घर में वे दूसरी पत्नी के साथ रहते थे। जबकि बहादुरपुर स्थित पुराने घर में उनकी पहली पत्नी व बच्चे रहते हैं। रविवार को बरारी पुलिस ने पहली पत्नी का बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
दारोगा रामसुमेर कुमार को दिए बयान में पहली पत्नी सोनम भारती ने कहा है कि कंचन ने संपत्ति हड़पने के लिए उसके पति को मार दिया। जबकि दूसरी पत्नी कंचन कुमारी ने कहा कि तनाव में आकर खुद उसके पति ने जहर खा लिया था। पहली पत्नी ने पुलिस को बताया कि 2014 में उसकी अभिमन्यु से शादी हुई थी। उसे पांच साल का एक बेटा है। उसके पति का पिछले दो साल से गांव की ही 30 साल की कंचन कुमारी उर्फ डॉली से गलत संबंध था।
11 फरवरी को पता चला कि दोनों ने बासुकीनाथ मंदिर में शादी कर ली है। फिर 28 फरवरी की सुबह पता चला कि उसके पति से कंचन कुमारी का विवाद हुआ है तथा उसने जहर खा लिया है। मायागंज अस्पताल में भर्ती हैं। 29 फरवरी की शाम 7 बजकर पचास मिनट पर उसके पति की मौत हो गई। पहली पत्नी ने अपने ससुर राणा प्रताप सिंह की मौजूदगी में पुलिस को बयान दिया है। व्यवसायी के पिता किसान हैं। वह इकलौता बेटा था।
दूसरी पत्नी ने कहा, तनाव में पति ने खाया जहर
दूसरी पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने तनाव में आकर जहर खा लिया था। वह पति के लिए कफन लेकर जीरोमाइल थाना पहुंची तथा पुलिस अफसरों से कहा कि उसे पुलिस सुरक्षा दी जाए तथा कफन देने का हक मिले। लेकिन पुलिस सुरक्षा कारणों से उसे पति के शव के पास नहीं ले गयी। पुलिस अफसरों ने बताया कि घटना के बाद तनाव हो गया है। क्योंकि दोनों एक ही गांव के हैं। पुलिस मौके पर नजर रखे हुए है।


