Date:sat/1/Feb/2020

भाजपा ने केजरीवाल सरकार की मुफ्त बिजली-पानी जैसी योजनाओं की काट निकालने के लिए लोक-लुभावन वादे किए हैं। पार्टी ने संकल्प पत्र में तो मुफ्त योजनाओं का जिक्र नहीं किया लेकिन मीडिया के सवालों पर बिजली, पानी, बसों में मुफ्त सफर जैसी आप सरकार की योजनाओं को जारी रखने की बात जरूर कही
- दिल्ली को 5 साल में वर्ल्ड क्लास सिटी में तब्दील करने का वादा
- संकल्प पत्र में भाजपा ने भी कई मुफ्त की योजनाएं बताई
R24News: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधान सभा चुनाव को लेकर अपना संकल्प पत्र शुक्रवार को जारी किया। संकल्प पत्र में भाजपा ने भी कई मुफ्त की योजनाएं बताई। भाजपा ने कहा कि पार्टी सत्ता में आई तो झुग्गी-झोपड़ियों और बीपीएल कार्ड धारकों को 2 रुपए प्रति किलो आटा, कॉलेज जाने वाली छात्राओं को मुफ्त ई-स्कूटी, कक्षा नवीं और दसवीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिल और निर्धन परिवार में पैदा होने वाली दो कन्याओं के नाम सरकार खाता खोलेगी और बालिग होने पर उसे दो लाख रुपए दिए जाएंगे। विधानसभा चुनाव में अब मतदान के लिए सात दिन बचे हैं ऐसे में पार्टियों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए अपना घोषणा पत्र का कार्ड खेलना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रकाश जावेड़कर, डा. हर्षवर्धन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ घोषणा पत्र जारी किया। 45 पेज के संकल्प पत्र में भाजपा ने दिल्ली के दो करोड़ जनता के लिए बेहतर जीवन के लिए प्रदूषण, स्वास्थ, पर्यटन, परिवहन सहित तमाम जरूरतों को ध्यान में रखकर 70 वादे किए। भाजपा अपने घोषणा पत्र में आप के द्वारा 200 यू्निट फ्री बिजली, 1000 लीटर पानी, मुफ्त डीटीसी पास जैसी घोषणाओं को कोई जगह नहीं दिया। हालांकि बिजली-पानी पर सवालों के जवाब मे गडकरी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर आप सरकार द्वारा जारी पब्लिक को दी जा रही बिजली, पानी, महिला को फ्री बस सर्विस जारी रहने के साथ ही दिल्ली को 5 साल में वर्ल्ड क्लास सिटी में तब्दील किया जाएगा।
भाजपा के संकल्प में किए गए प्रमुख वादे
- अनधिकृत कालोनियों के 40 लाख निवासियाें को मालिकाना हक देने के लिए ‘कॉलोनीज डेवलपमेंट बोर्ड’ का गठन
- 10 लाख कारोबारियों को दुकानों व दफ्तरों को लीजहोल्ड से फ्री होल्ड कराएंगे।
- सीलिंग के कारण परेशान व्यापारियों और कारोबारियों को राहत देने के लिए कदम उठाएंगे
- ‘रानी लक्ष्मीबाई महिला सुरक्षा’ योजना की शुरुआत की जाएगी।
- टैंकर मुक्त कर 2024 से पहले हर घर में शुद्ध पेय जल आपूर्ति
- 2022 तक झुग्गी झोपड़ी वालों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास
- 5 लाख रुपए तक की मुफ्त इलाज के लिए आयुष्माण योजना
- 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार कांट्रेक्ट लेवर को जॉब गांरटी।
- गरीब विधवाओं की पुत्री के विवाह पर 51 हजार रुपए।
गडकरी बोले- 2070 तक दिल्ली में पीने के पानी की नहीं होगी किल्लत
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कह कि दिल्ली में पेय जल को दूर करने के लिए ‘लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना’ शुरू की गई थी। इसे लेकर दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में 1970 से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा, इस प्रोजेक्ट के निर्माण में आने वाली खर्चों को लेकर विवाद था। यह विभाग मेरे पास आया तो मैं सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक कर विवाद को सुलझाया और फंड की व्यवस्था की। गडकरी ने कहा कि अब 2070 के बाद दिल्ली में पीने के पानी की कोई समस्या नहीं होगी। इस बीच गडकरी और प्रकाश जावडेकर ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि कुछ चीजों को फ्री करके दिल्ली की तस्वीर और तकदीर नहीं बदलेगी। हम तकदीर और तस्वीर बदलने वाले हैं। दिल्ली को वायु और जल प्रदूषण से मुक्ति दिलाएंगे। हालांकि बता दें कि भाजपा नेता फ्री बिजली-पानी योजना जारी रखने की बात करते रहे हैं। लेकिन उनका यह भी कहना था कि वह इसके लिए मामूली राशि लेंगे ताकि लोगों का स्वाभिमान आहत न हो।
भाजपा के संकल्प पत्र पर आप-कांग्रेस का तंज समझ कर वोट देना, मुफ्त योजनाएं बंद हो जाएंगी : सीएम
भाजपा के मेनिफेस्टो से साबित हो गया कि अगर आपने उनको वोट दिया तो आपकी मुफ्त बिजली,मुफ्त पानी और मुफ्त बस यात्रा बंद हो जाएगी। सोच-समझ कर वोट देना। – अरविंद केजरीवाल
भाजपा का संकल्प पत्र नहीं, झांसा पत्र है: चोपड़ा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा है कि भाजपा ने जो संकल्पपत्र जारी किया है, वास्तव में वो झांसा पत्र है। भाजपा नए नियम बनाकर दिल्ली में सीलिंग रोकने का ढकोसला वादा कर रही है। दिल्ली में हुई सीलिंग को रुकवाने के लिए भाजपा की केन्द्र व निगम सरकार हाथ पर हाथ रख कर बैठी रही जिसकी वजह से लाखों लोग बेरोजगार हुए। भाजपा की केन्द्र सरकार ने प्रतिवर्ष 2 करोड़ युवाओं को रोजगार का वादा किया था जिसे पूरा नहीं किया तो दिल्ली में 10 लाख युवाओं को रोजगार का वादा कैसे पूरा करेगी। लोस 2014 में जो वादे भाजपा ने किए थे, वह पूरे नहीं किए।