Publish Date:Sun, 01/March2020
-
सांसद प्रतिनिधि नितिन भट्ट के बीच तू-तू मैं- मैं
-
पूर्व सांसद प्रो. रीता वर्मा ने भी पहुंचकर अपनी राय से अवगत कराया
R24News : धनबाद जिला भाजपा अध्यक्ष चुनाव के लिए रविवार को जेसी मल्लिक रोड स्थित पार्टी कार्यालय में रायशुमारी हुई। धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री राज पलिवार, विधायक कोचे मुंडा, आदित्य साहू और सुबोध सिंह गुड्डू पार्टी के अपेक्षित कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की राय प्राप्त कर रहे हैं। दूसरी तरफ रविवार सुबह सांसद पीएन सिंह के धनसार स्थित आवास में जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह और जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि नितिन भट्ट के बीच तू-तू मैं- मैं हुई। इससे नाराज होकर सांसद पीएन सिंह उर्फ भाईजी आवास के अंदर चले गए। चंद्रशेखर और नितिन दोनों धनबाद भाजपा की राजनीति में सांसद पीएन सिंह के ही शिष्य परंपरा के हैं।
धनबाद जिलाध्यक्ष चुनाव के लिए पूर्व मंत्री राज पलिवार, विधायक कोचे मुंडा, आदित्य साहू और सुबोध सिंह गुड्डू को पर्यवेक्षक बनाया गया है। रायशुमारी के लिए रविवार दोपहर में सभी पर्यवेक्षक धनबाद जिला कार्यालय पहुंचे। रायशुमारी के लिए धनबाद भाजपा के 42 प्रतिनिधियों को बुलाया गया था। सांसद, विधायक, मेयर और जिला परिषद के चेयरमैन को छोड़कर सभी प्रतिनिधियों ने रायशुमारी में भाग लिया। पूर्व सांसद प्रो. रीता वर्मा ने भी पहुंचकर अपनी राय से अवगत कराया। पर्यवेक्षकों से मिलकर जिलाध्यक्ष के संबंध में अपनी-अपनी राय से अवगत करा रहे हैं। साथ ही जिलाध्यक्ष के लिए अपने मनसंपद उम्मीदवार का नाम बंद लिफाफा में पर्यवेक्षकों को सौंप रहे हैं। रायशुमारी के बाद पर्यवेक्षक प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराएंगे। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा करेगा।
वर्तमान जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह एक बार फिर से अध्यक्ष बनना चाहते हैं। कुछ लोग चाहते हैं कि धनबाद जिला भाजपा को नया नेतृत्व मिले। सांसद पीएन सिंह के आवास पर शनिवार को भी जिलाध्यक्ष के मुद्दे पर सहमति बनाने की कोशिश हुई थी लेकिन सफलता नहीं मिली। चंद्रशेखर का समर्थन करने के लिए नितिन भट्ट राजी नहीं हुए। इसके बाद रविवार सुबह भी सहमति बनाने की कोशिश की गई। इस दाैरान सांसद के सामने ही चंद्रशेखर और नितिन आमने-सामने आ गए। इस पर सांसद ने नाराजगी जाहिर करते हुए उठ कर अपने घर के अंदर चले गए।
चंद्रशेखर सिंह और नितिन भट्ट के बीच विवाद की शुरूआत सोशल मीडिया में बैंक मोड़ मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रीतलाप सिंह आजमानी के एक पोस्ट को लेकर हुई। यह पोस्ट नितिन भट्ट के समर्थन में था। इसी को लेकर चंद्रशेखर और नितिन के बीच बहस हुई। इस बाबत पूछने पर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि आमने-सामने आने जैसा कुछ नहीं है। जब कार्यकर्ता एक साथ बैठते हैं तो कुछ ‘दिस-दैट’ होता ही है। सांसद आवास पर गर्मागर्मी के बाद सब जिला कार्यालय की ओर निकल पड़े। जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी है।


