Publish Date:Sun, 23/Feb2020
-
नीतीश ने कार्यकर्ताओं से कहा-15 साल में हुए काम को जन-जन तक पहुंचाएं
-
जिन विचारों पर पार्टी चलती रही है, उनपर समझौता किसी कीमत पर नहीं होगा
R24News : पटना/ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि 2020 में होने वाले बिहार विधानसभा के चुनाव में एनडीए 200 से अधिक सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई मुद्दा है और न कार्यक्रम।
मुख्यमंत्री आवास पर हुए जदयू के क्षेत्रीय संगठन प्रभारियों, जिलाध्यक्षों और प्रखंड अध्यक्षों की बैठक में नीतीश ने फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही जदयू की पहचान हैं। बिहार के सभी बूथ पर पार्टी के अध्यक्ष और सचिव हैं, यह साधारण बात नहीं। हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि जदयू की जो सांगठनिक ताकत बनी है उसका उपयोग विगत 15 वर्षों में बिहार के समग्र विकास के लिए हुए कार्यों और सामाजिक अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने में होना चाहिए। अपने घर पर पार्टी का झंडा जरूर लगाएं। इससे न केवल कार्यकर्ताओं बल्कि आम लोगों में भी सार्थक संदेश जाएगा।
सही गलत की पहचान रखती है जनता
नीतीश ने कहा कि दल के साथी वोट की चिंता नहीं करें। बिहार की जनता सही और गलत की पहचान रखती है। विपक्षी दल के पास न मुद्दा है न कार्यक्रम। कुछ लोगों का काम केवल भ्रम फैलाना है। वैसे लोगों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं। जिन विचारों को लेकर पार्टी आज तक चलती रही है, उन विचारों से समझौता किसी कीमत पर नहीं होगा। बिहार में धर्म, संप्रदाय, जाति या लिंग के आधार पर किसी भेदभाव का प्रश्न ही नहीं उठता।


